हरदोई में खेत में खून से लथपथ मिली किशोरी, दुष्कर्म की आशंका से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

हरदोई। जिले के लोनार थाना क्षेत्र के कस्बा बावन में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बस स्टॉप के पास स्थित एक खाली खेत में एक अज्ञात किशोरी गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़ी मिली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों ने खेत में एक किशोरी को घायल अवस्था में देखा, जो दर्द से कराह रही थी। उसके कपड़े खून से सने हुए थे, जिससे प्रथमदृष्टया उसके साथ दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बावन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल किशोरी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
फिलहाल किशोरी की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल जांच) के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि लोनार थाना क्षेत्र के बावन कस्बे के बस स्टॉप के पीछे झाड़ियों में एक महिला जो मानसिक रूप से अस्वस्थ है, घायलावस्था में मिली थी। जिसको सीएचसी ले जाया गया। जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। प्राथमिक उपचार में कोई अप्रिय बात नहीं है, उसके चोट थोड़ा सिर पे है और चेहरे पर है। महिला अपने बारे में कुछ भी बताने में असमर्थ है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य चीजें देखी जा रही है कि ये कहां से आई और कैसे आई और इसकी पूरी जानकारी इकट्ठी की जा रही हैं।