हरदोई में युवक और महिला ने फांसी लगाकर दी जान, 500 मीटर की दूरी पर मिले दोनों के शव, जांच में जुटी पुलिस

हरदोई। अरवल थाना क्षेत्र के कुसुमखोर पुल के पास शुक्रवार को एक युवक और एक महिला के शव अलग-अलग पेड़ों से फंदे पर लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों घटनास्थल एक-दूसरे से करीब 500 मीटर की दूरी पर थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची तथा दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
क्षेत्राधिकारी हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना अरवल क्षेत्र के कुसुमखोर पुल के निकट जनवेश (18) पुत्र केशवराम निवासी ग्राम हैदराबाद, थाना अरवल ने जामुन के पेड़ पर रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। वहीं, घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर उसी गांव की निवासी सरोजनी (30) पत्नी खुशीराम का शव बगीचे में गूलर के पेड़ से साड़ी के फंदे पर लटका मिला।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने दोनों स्थानों का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए, जबकि पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों मामलों की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।