हरदोई में सपाइयों से मिले अखिलेश यादव, रामज्ञान गुप्ता से पूछा- अब तो पुलिस परेशान नहीं करती, 2027 मिशन के लिए दिया बड़ा लक्ष्य

हरदोई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का बदायूं से लखनऊ लौटते समय गंगा एक्सप्रेस-वे पर हरदोई सीमा में सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूलों की बारिश कर और पार्टी के झंडे लहराते हुए गगनभेदी नारे लगाए। कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर अखिलेश यादव ने अपना काफिला रुकवाया और उनसे मुलाकात की।
इस दौरान अखिलेश यादव ने हरदोई सदर से नगर पालिका अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी एवं सपा नेता रामज्ञान गुप्ता से विशेष रूप से मुलाकात की। उन्होंने आत्मीयता से उनका हाथ थामते हुए हालचाल पूछा और मुस्कुराते हुए कहा, "अब तो पुलिस परेशान नहीं करती?" इस टिप्पणी पर वहां मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच हल्की मुस्कान और उत्साह का माहौल बन गया।
फोटो सेशन के दौरान भी दोनों नेताओं के बीच आत्मीयता देखने को मिली। अखिलेश यादव ने रामज्ञान गुप्ता को अपने पास बुलाकर कंधे पर हाथ रखकर फोटो खिंचवाई। इसके बाद उन्होंने रामज्ञान गुप्ता सहित उपस्थित कार्यकर्ताओं को "मिशन 2027" के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
सपा प्रमुख ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू कर दें और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाते हुए हरदोई जिले की सभी आठ विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए मेहनत करें। उनके इस संदेश के बाद कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर हरिनाम सिंह यादव, अवनीश यादव, बेहटा बुजुर्ग के प्रधान सत्येंद्र यादव, राजेश यादव, शुभम गुप्ता, सौरभ यादव, आलोक, दीपक, विजय बहादुर, हरपाल सिंह सहित सैकड़ों समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।