फिरोजपुर मंडल में 49 सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को ₹19.86 करोड़ से अधिक का समापन भुगतान

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में फरवरी एवं मार्च 2026 के दौरान सेवानिवृत्त हुए कुल 49 रेलकर्मियों को ₹19.86 करोड़ से अधिक का समापन देय भुगतान प्रदान किया गया। यह भुगतान मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार द्वारा दिनांक 15 अप्रैल 2026 को किया गया।

रेल प्रशासन द्वारा सेवानिवृत्ति के पश्चात कुल 6 प्रकार के भुगतान किए जाते हैं, जिनमें पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश), ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन, लीव इनकैशमेंट, जीआईएस तथा पीएफ शामिल हैं।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने सभी सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को संबोधित करते हुए उनकी सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया और उनके स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद प्राप्त धनराशि का उपयोग सोच-समझकर करें और अपनी रुचि के अनुसार स्वयं को व्यस्त रखें ताकि जीवन स्वस्थ और सक्रिय बना रहे।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती साक्षी सिंह ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों से साइबर धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने सलाह दी कि सेवानिवृत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज किसी के साथ साझा न करें। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की सहायता या मार्गदर्शन के लिए कार्मिक शाखा सदैव तैयार है।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक नितिन गर्ग, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राहुल देव, वरिष्ठ मंडल अभियंता/समन्वय सुमित खुल्लर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।