वैशाखी मेला, हुसैनीवाला के अवसर पर रेलवे ने किए विशेष प्रबंध,फिरोजपुर कैंट–हुसैनीवाला के बीच 6 जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं सीनियर डीसीएम परमदीप सिंह सैनी

वैशाखी मेला, हुसैनीवाला के अवसर पर रेलवे ने किए विशेष प्रबंध

फिरोजपुर कैंट - हुसैनीवाला के बीच 6 जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं सीनियर डीसीएम परमदीप सिंह सैनी

फिरोजपुर। हुसैनीवाला में आयोजित वैशाखी मेले के अवसर पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने हेतु उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल द्वारा व्यापक स्तर पर विशेष प्रबंध किए गए। मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने स्टेशन परिसरों में अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराईं तथा विशेष ट्रेनों का संचालन भी किया।

रेलवे द्वारा फिरोजपुर कैंट, फिरोजपुर सिटी और हुसैनीवाला रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष टिकट खिड़कियां खोली गईं। वहीं हुसैनीवाला स्टेशन पर यात्रियों के लिए प्रकाश व्यवस्था, पंखे, बैठने की सुविधा, पेयजल, टिकटिंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। यात्रियों को सही जानकारी देने और मार्गदर्शन हेतु सूचना पट्ट तथा पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम की भी व्यवस्था की गई।

यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे प्रशासन ने पर्याप्त संख्या में टिकट चेकिंग स्टाफ के साथ-साथ आरपीएफ एवं जीआरपी कर्मियों की तैनाती की, जिससे स्टेशन परिसर में व्यवस्था बनी रही और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।

मेले के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने तथा यात्रियों के सुचारु परिवहन हेतु फिरोजपुर कैंट और हुसैनीवाला के बीच 6 जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनों का सफलतापूर्वक संचालन किया गया। इन विशेष ट्रेनों के संचालन से श्रद्धालुओं और यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिली।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस दौरान हुसैनीवाला से फिरोजपुर कैंट के लिए 300 टिकट तथा फिरोजपुर कैंट से हुसैनीवाला के लिए 88 टिकटों की बिक्री दर्ज की गई।

रेल प्रशासन ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे बड़े आयोजनों के दौरान यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसी प्रकार विशेष व्यवस्थाएं की जाती रहेंगी।