फिरोजपुर मंडल द्वारा रेलवन ऐप के प्रचार हेतु जागरूकता अभियान आयोजित

फिरोजपुर। फिरोजपुर मंडल द्वारा डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिनांक 13 अप्रैल 2026 को लुधियाना स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रेलवन ऐप के प्रचार-प्रसार हेतु एक विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।

इस अभियान के दौरान अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, अन्य कर्मचारियों तथा मरीजों के परिजनों को रेलवन ऐप की विशेषताओं एवं उपयोग प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उपस्थित लोगों को ऐप के माध्यम से उपलब्ध रेल सेवाओं की ऑनलाइन बुकिंग, जानकारी प्राप्त करने और अन्य डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठाने के तरीके समझाए गए।

कार्यक्रम के दौरान रेलवन ऐप का लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी प्रस्तुत किया गया, जिससे प्रतिभागियों को इसके संचालन और उपयोग को सरलता से समझने में सहायता मिली। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग में रुचि दिखाई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को रेलवन ऐप के उपयोग के प्रति जागरूक करना है, ताकि यात्री घर बैठे ही रेल सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे द्वारा डिजिटल सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर, तेज और पारदर्शी सेवाएं मिल सकें।

रेलवे प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे रेलवन ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करें और डिजिटल सेवाओं को अपनाकर यात्रा को सुविधाजनक बनाएं।