फिरोजपुर मंडल द्वारा रेलवन ऐप के प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता अभियान जारी

लुधियाना। फिरोजपुर मंडल द्वारा यात्रियों को रेलवे की डिजिटल सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 अप्रैल को सरकारी स्कूल, शाहपुर रोड, लुधियाना में रेलवन ऐप के प्रचार-प्रसार हेतु विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अभियान के दौरान लगभग 130 विद्यार्थियों को रेलवन ऐप की उपयोगिता और इसके विभिन्न फीचर्स की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि रेलवन ऐप के माध्यम से ट्रेन में अनारक्षित एवं आरक्षित टिकट बुकिंग, ट्रेन की लाइव स्थिति, प्लेटफॉर्म टिकट, तथा भोजन ऑर्डर जैसी कई सुविधाएं आसानी से प्राप्त की जा सकती हैं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे अपने माता-पिता एवं अभिभावकों के मोबाइल में भी रेलवन ऐप इंस्टॉल कराएं, ताकि वे भी रेलवे की डिजिटल सुविधाओं का सरल और सुविधाजनक तरीके से लाभ उठा सकें।

फिरोजपुर मंडल द्वारा इस प्रकार के जागरूकता अभियानों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने का प्रयास निरंतर जारी है।

परमदीप सिंह सैनी वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक