अहमदाबाद मंडल ने 97.5% पंक्चुअलिटी के साथ बनाया रिकॉर्ड, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की खुलकर सराहना

अहमदाबाद। भारतीय रेलवे में समयपालन के क्षेत्र में अहमदाबाद रेल मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अहमदाबाद मंडल ने यात्री ट्रेनों के संचालन में 97.5 प्रतिशत की उल्लेखनीय पंक्चुअलिटी हासिल कर भारतीय रेलवे के शीर्ष तीन मंडलों में अपना स्थान बनाया है। इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अहमदाबाद मंडल की विशेष सराहना की है।

यह सराहना हाल ही में आयोजित महाप्रबंधकों, मंडल रेल प्रबंधकों और वरिष्ठ अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय कॉन्फ्रेंस के दौरान की गई, जिसमें रेल मंत्री ने अहमदाबाद मंडल के परिचालन प्रदर्शन को भारतीय रेल के लिए एक आदर्श मॉडल बताया।

रेल मंत्री ने इस अवसर पर उन सभी रेलवे ज़ोनों को भी बधाई दी, जिन्होंने 85 प्रतिशत से अधिक पंक्चुअलिटी प्राप्त की और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी अपने प्रदर्शन में सुधार किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे लगातार प्रयासों, बेहतर योजना और यात्री-केंद्रित दृष्टिकोण के जरिए सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय यात्रा अनुभव देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि आधुनिक तकनीक, उन्नत मॉनिटरिंग सिस्टम और प्रभावी परिचालन प्रबंधन के माध्यम से रेलवे नेटवर्क को लगातार मजबूत बनाया जा रहा है।

अहमदाबाद मंडल के परिचालन आंकड़े भी बेहद प्रभावशाली रहे हैं। मंडल द्वारा 320 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों, 44 प्रीमियम ट्रेनों और 48 DEMU/MEMU/लोकल ट्रेनों का सफल संचालन किया गया। इनमें से 115 जोड़ी ट्रेनें अहमदाबाद मंडल से ही प्रारंभ या समाप्त होती हैं। इसके अलावा मंडल में प्रतिदिन औसतन 230 मालगाड़ियों का संचालन हुआ, जबकि मार्च 2026 के दौरान कुल 7,211 मालगाड़ियों का सफल परिचालन सुनिश्चित किया गया।

समयपालन और परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए अहमदाबाद मंडल ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। मंडल द्वारा 89 ट्रेनों की गति में सुधार किया गया, जिससे वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 1,057 मिनट की समय बचत हुई। साथ ही, 23 ट्रेनों के यात्रा समय में 5 मिनट से लेकर सवा दो घंटे तक की कमी की गई। इसके अलावा 4 स्थायी गति प्रतिबंध (PSR) हटाकर ट्रेनों की गति और समयपालन को और बेहतर बनाया गया।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि के पीछे मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश के कुशल नेतृत्व और परिचालन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने टीम अहमदाबाद के संयुक्त प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें इस सफलता के लिए धन्यवाद दिया है।

अहमदाबाद रेल मंडल ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी वह नवाचार, दक्षता और यात्री सुविधा को प्राथमिकता देते हुए भारतीय रेलवे को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।