ट्रेन में मिला अकेला बच्चा सुरक्षित आरपीएफ को सौंपा, टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता से टली अनहोनी

फिरोजपुर। ट्रेन में यात्रा कर रहे एक अकेले और घबराए हुए बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाने के लिए फिरोजपुर मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने सराहनीय कार्य किया। घटना 12 अप्रैल की है, जब टिकट चेकिंग स्टाफ श्री गुरप्रीत सिंह ट्रेन संख्या 12925 के S2 कोच में टिकट जांच कर रहे थे।

टिकट जांच के दौरान उन्हें करीब 9 वर्षीय एक बालक अकेले यात्रा करता हुआ मिला, जो काफी घबराया हुआ था। बच्चे की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए गुरप्रीत सिंह ने तुरंत आवश्यक कदम उठाए और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की। इसके बाद उन्होंने तत्काल वाणिज्य नियंत्रण फिरोजपुर तथा दिल्ली को सूचना दी।

बच्चे को सुरक्षित रूप से पानीपत रेलवे स्टेशन पर उतारकर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सुपुर्द कर दिया गया, ताकि उसे सही तरीके से उसके परिजनों तक पहुंचाया जा सके।

इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता और जिम्मेदारी की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की सजगता यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान यदि कोई संदिग्ध या असामान्य स्थिति दिखाई दे तो तुरंत रेलवे स्टाफ या आरपीएफ को जानकारी दें, जिससे समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

रेलवे प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़े हादसे की आशंका टल गई और बच्चा सुरक्षित हाथों में पहुंच गया।