फिरोजपुर मंडल से यात्रियों के लिए राहत, फिरोजपुर कैंट-झंझारपुर के बीच चलेगी साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन

फिरोजपुर। गर्मी के सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने एक अहम फैसला लिया है। यात्रियों की सुविधा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए फिरोजपुर कैंट-झंझारपुर-फिरोजपुर कैंट के बीच साप्ताहिक समर स्पेशल रेलगाड़ी चलाने का निर्णय लिया गया है। रेलवे द्वारा यह ट्रेन सीमित अवधि के लिए संचालित की जाएगी, जिससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में बड़ी राहत मिलेगी।

रेलवे के अनुसार 04620/04619 फिरोजपुर कैंट-झंझारपुर-फिरोजपुर कैंट साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। ट्रेन संख्या 04620 फिरोजपुर कैंट से झंझारपुर के लिए 18 अप्रैल 2026 से 23 मई 2026 तक (कुल 06 ट्रिप) प्रत्येक शनिवार को चलेगी। यह ट्रेन फिरोजपुर कैंट से दोपहर 14:30 बजे रवाना होकर लगभग 33 घंटे बाद रात 23:30 बजे झंझारपुर पहुंचेगी।

वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 04619 झंझारपुर से फिरोजपुर कैंट के लिए 20 अप्रैल 2026 से 25 मई 2026 तक (कुल 06 ट्रिप) प्रत्येक सोमवार को संचालित होगी। यह ट्रेन झंझारपुर से सुबह 01:00 बजे प्रस्थान कर लगभग 33 घंटे बाद सुबह 10:40 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी।

रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में लोहियां खास, जालंधर सिटी, फगवाड़ा, ढंडारी कलां, सरहिंद, राजपुरा, अंबाला छावनी, बराड़ा, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, रुड़की, नजीबाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, बुढ़वाल, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल, बैरगनियां, सीतामढ़ी, शिशो और सकरी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। गर्मियों में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन सुविधा और राहत दोनों लेकर आएगी।