हरदोई में सर्राफा व्यापारी से लूट, तमंचे की बट मारकर बदमाशों ने जेवरात भरा बैग छीना, दुकान बंद कर घर जाते समय हुई वारदात से दहशत

हरदोई। जनपद के टड़ियावां थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक सर्राफा व्यापारी के साथ लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने व्यापारी को घेरकर तमंचे की बट से हमला किया और जेवरात व नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, गोपामऊ कस्बे के मोहल्ला मिश्राना निवासी सर्वेश कुमार रस्तोगी टड़ियावां कस्बे में सर्राफा की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे वह अपने बड़े पुत्र गौरव के साथ दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे।
जैसे ही वे बाजार पुरवा गांव के पास पहुंचे, तभी दो बाइकों पर सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पीछे से सर्वेश के सिर पर तमंचे की बट से वार कर दिया, जिससे वह और उनका पुत्र बाइक से गिर पड़े। इसके बाद बदमाशों ने उनकी बाइक की डिग्गी में रखा जेवरात से भरा बैग छीन लिया।
बताया गया कि बैग में सोने-चांदी के आभूषणों के साथ करीब डेढ़ लाख रुपये नकद भी मौजूद थे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए अपर पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह व क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में छह टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।