कश्मीर से पार्सल व फल परिवहन बढ़ाने को लेकर रेलवे की बड़ी पहल, हितधारकों संग हुई उच्च स्तरीय बैठक

कश्मीर से पार्सल व फल परिवहन बढ़ाने को लेकर रेलवे की बड़ी पहल, हितधारकों संग हुई उच्च स्तरीय बैठक

रेलवे बोर्ड के अतिरिक्त सदस्य व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने व्यापारियों-उत्पादकों से की व्यापक चर्चा

जम्मू। कश्मीर घाटी के प्रसिद्ध फल उद्योग और पार्सल व्यापार को देश के प्रमुख बाजारों से जोड़ने तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति देने के उद्देश्य से जम्मू मंडल में गुरुवार को एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रेलवे बोर्ड के अतिरिक्त सदस्य (वाणिज्य) (AMC) ने की। इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू उचित सिंघल सहित कश्मीर के पार्सल व्यापारी, प्रमुख फल उत्पादक और प्रमुख कार्गो एग्रीगेटर्स बैठक में शामिल हुए।

बैठक का मुख्य उद्देश्य कश्मीर क्षेत्र से पार्सल ट्रैफिक बढ़ाने और फल उत्पादों विशेषकर चेरी सहित अन्य फलों के परिवहन के लिए रेल मार्ग को सड़क परिवहन के मुकाबले अधिक विश्वसनीय, समयबद्ध और किफायती विकल्प के रूप में स्थापित करना रहा। इसके लिए एक मजबूत रोडमैप तैयार करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

JPP-RCS पार्सल ट्रेन की ऑक्युपेंसी बढ़ाने पर जोर

बैठक में JPP-RCS पार्सल ट्रेन की ऑक्युपेंसी बढ़ाने और इसके अधिकतम उपयोग पर विशेष चर्चा हुई। बताया गया कि यह ट्रेन बड़गाम से सुबह 06:15 बजे रवाना होकर बाड़ी ब्राह्मण व अंबाला कैंट होते हुए अगले दिन सुबह 05:30 बजे आदर्श नगर दिल्ली पहुंचती है, जिससे व्यापारियों को अपने माल की डिलीवरी समय पर मिलती है और उत्पादों की गुणवत्ता भी बनी रहती है।

छोटे व्यापारियों के लिए एग्रीगेटर्स से समन्वय

बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि छोटे व्यापारियों और फल उत्पादकों की सुविधा के लिए कार्गो एग्रीगेटर्स के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा, ताकि छोटे-छोटे पार्सल लोड को एकीकृत कर आसानी से ट्रेन के माध्यम से भेजा जा सके।

लोडिंग सुविधाओं के उन्नयन की योजना

रेलवे ने बैठक में यह भी जानकारी दी कि बड़गाम, श्रीनगर और पामपुर रेलवे स्टेशनों पर लोडिंग सुविधाओं को अपग्रेड करने की योजना साझा की गई है। इससे पार्सल लोडिंग प्रक्रिया को अधिक सुगम और तेज बनाया जा सकेगा।

प्रतिस्पर्धी दरों और छूट योजनाओं पर चर्चा

रेलवे द्वारा पार्सल ट्रैफिक को बढ़ावा देने के लिए प्रतिस्पर्धी दरों के साथ-साथ थोक बुकिंग करने वाले एग्रीगेटर्स को विशेष छूट योजनाएं देने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई।

रेलवे आर्थिक समृद्धि का भागीदार : उचित सिंघल

बैठक के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा,

"कश्मीर के उत्पाद वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान रखते हैं। हमारा लक्ष्य एक ऐसी सुव्यवस्थित सप्लाई चेन बनाना है, जहां कश्मीर का किसान और व्यापारी बिना किसी देरी के अपना माल कन्याकुमारी तक भेज सके। रेलवे केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि इस क्षेत्र की आर्थिक समृद्धि का भागीदार है।"

रेलवे अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस पहल से कश्मीर के फल उद्योग और पार्सल व्यापार को नई दिशा मिलेगी तथा किसानों और व्यापारियों को बेहतर बाजार उपलब्ध होंगे।

राघवेंद्र सिंह, जनसंपर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल