ग्रीष्मकालीन अवकाश में यात्रियों की सुविधा हेतु नई दिल्ली–कटड़ा विशेष ट्रेन के फेरों में विस्तार

ग्रीष्मकालीन अवकाश में यात्रियों की सुविधा हेतु नई दिल्ली?कटड़ा विशेष ट्रेन के फेरों में विस्तार

जम्मू,आगामी ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान रेल यात्रियों की सुविधा तथा श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा जाने वाले तीर्थयात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने गाड़ी संख्या 04081/04082 (नई दिल्ली - श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा - नई दिल्ली) आरक्षित विशेष एक्सप्रेस के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। रेलवे के अनुसार इस विशेष ट्रेन के अतिरिक्त फेरों से यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी और भीड़ का दबाव कम होगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक,उचित सिंघल ने बताया कि इस ट्रेन को यात्रियों से जबरदस्त प्रतिसाद मिला है और पिछले फेरों में 100 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए इसके संचालन का विस्तार किया गया है। यह सेवा न केवल कटड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं, बल्कि कश्मीर जाने वाले पर्यटकों एवं मार्ग में पड़ने वाले अन्य स्टेशनों के यात्रियों के लिए भी किफायती और सुविधाजनक विकल्प साबित हो रही है।

विस्तारित परिचालन अवधि

ट्रेन संख्या 04081 (नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा): 15 अप्रैल से 15 जुलाई 2026 तक कुल 40 फेरे।

ट्रेन संख्या 04082 (श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से नई दिल्ली): 16 अप्रैल से 16 जुलाई 2026 तक कुल 40 फेरे।

समय-सारणी

ट्रेन संख्या 04081 नई दिल्ली से रात 11:45 बजे प्रस्थान कर अगले दिन दोपहर 12:00 बजे कटड़ा पहुंचेगी।

ट्रेन संख्या 04082 कटड़ा से रात 09:00 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 10:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

यह विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला छावनी, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू तथा शहीद कैप्टन तुषार महाजन रेलवे स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

रेलवे ने बताया कि इस विशेष ट्रेन में कुल 21 कोच लगाए जाएंगे। यात्री इन विस्तारित फेरों के लिए टिकट IRCTC की वेबसाइट/मोबाइल ऐप अथवा अधिकृत रेल आरक्षण केंद्रों (PRS काउंटर) से बुक करा सकते हैं।

यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि यात्रा प्रारंभ करने से पहले रेलवे पूछताछ नंबर 139 या NTES (नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम) के माध्यम से ट्रेन की ताजा स्थिति एवं समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

यह जानकारी राघवेंद्र सिंह, जनसंपर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल द्वारा दी गई।