श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड को मिला ‘जल योद्धा सम्मान’

कटरा,जल संरक्षण और जल प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड को प्रतिष्ठित ?जल योद्धा सम्मान? से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान बेंगलुरु में आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में विशालाक्षी मंडप में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रवि शंकर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

यह पुरस्कार नीति आयोग तथा जल शक्ति मंत्रालय के सहयोग से प्रदान किया गया, जो जल संरक्षण और ?आत्मनिर्भर जल भारत? के विजन को साकार करने में योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों को दिया जाता है।

श्राइन बोर्ड के CEO की ओर से यह सम्मान सहायक वन संरक्षक श्री सचिन कुमार वैश्य ने प्राप्त किया।

श्राइन बोर्ड, अध्यक्ष मनोज सिन्हा (उपराज्यपाल, जम्मू-कश्मीर केंद्रशासित प्रदेश) के नेतृत्व में श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के साथ-साथ जल संसाधनों के संरक्षण हेतु लगातार प्रयासरत है। बोर्ड का उद्देश्य ?श्रद्धा से सेवा तक ? जल बचाएं, माता वैष्णो देवी जी का आशीर्वाद पाएं? के संकल्प के साथ एक व्यापक रणनीति पर कार्य करना है।

श्राइन बोर्ड द्वारा जल संरक्षण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिनमें वर्षा जल संचयन एवं भूजल रिचार्ज, अपशिष्ट जल का शोधन और पुनः उपयोग, जल उपयोग दक्षता बढ़ाने के उपाय, स्मार्ट वॉटर मैनेजमेंट सिस्टम, वॉटर एटीएम की स्थापना, हाईटेक नर्सरी का विकास और बड़े स्तर पर वनीकरण एवं पारिस्थितिकी तंत्र पुनर्स्थापन शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, नदी संरक्षण, स्वच्छता को मजबूत करने तथा वन क्षेत्रों में जल संरक्षण क्षमता बढ़ाने और मिट्टी कटाव रोकने के लिए हर वर्ष 1.5 लाख से अधिक पौधे लगाने का अभियान भी चलाया जा रहा है।

गौरतलब है कि श्राइन बोर्ड को पूर्व में भी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाता रहा है। बोर्ड ने जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा दिए जाने वाले राष्ट्रीय जल पुरस्कार में लगातार तीन वर्षों तक प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर हैट्रिक भी बनाई है।

यह नया सम्मान श्राइन बोर्ड को क्षेत्र में जल संरक्षण और सतत जल उपयोग की दिशा में और अधिक प्रेरित करेगा।