पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में माल ढुलाई में दर्ज की मजबूत वृद्धि

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान माल परिवहन क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन दर्ज करते हुए पूर्वोत्तर क्षेत्र की आर्थिक प्रगति में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका को और मजबूत किया है। बेहतर आधारभूत संरचना, प्रभावी टर्मिनल प्रबंधन तथा संबंधित पक्षों के साथ बेहतर समन्वय के माध्यम से एनएफआर ने खाद्यान्न, उर्वरक, कोयला, सीमेंट और पेट्रोलियम उत्पादों जैसी प्रमुख वस्तुओं का समयबद्ध एवं सुचारू परिवहन सुनिश्चित किया।

रेलवे प्रशासन ने माल लदान की दक्षता बढ़ाने और रेक टर्नअराउंड समय में सुधार पर विशेष ध्यान दिया, जिससे माल ढुलाई की क्षमता में वृद्धि हुई और संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव हो पाया। इसके साथ ही ग्राहक केंद्रित पहल जैसे बुकिंग प्रक्रिया को सरल बनाना, रियल-टाइम ट्रैकिंग सुविधा तथा माल टर्मिनलों के विकास से नए ट्रैफिक को आकर्षित करने और उद्योगों के साथ साझेदारी को मजबूत करने में मदद मिली।

11.4 मिलियन टन माल लदान, 6 प्रतिशत की वृद्धि

एनएफआर ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 11.4 मिलियन टन (MT) माल लदान किया, जो वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में 6 प्रतिशत अधिक है। यह वृद्धि रेलवे की लॉजिस्टिक्स क्षमता में निरंतर सुधार और माल परिवहन क्षमता बढ़ाने के प्रयासों का परिणाम है।

पेट्रोलियम उत्पादों में रिकॉर्ड प्रदर्शन

माल ढुलाई में पेट्रोलियम ऑयल एवं लुब्रिकेंट (POL) ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए वर्ष भर में 1,488 रेक लोड किए। इसके अलावा सीमेंट, स्टोन चिप्स, डोलोमाइट तथा बांस चिप्स जैसी वस्तुओं में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई, जिससे कुल माल ढुलाई में सकारात्मक बढ़ोतरी हुई।

अनलोडिंग में भी सुधार, 688 रेक की बढ़ोतरी

एनएफआर के माल उतारने (अनलोडिंग) कार्य में भी बड़ा सुधार देखने को मिला। वित्तीय वर्ष 2024-25 में जहां कुल 12,346 रेक अनलोड किए गए थे, वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह संख्या बढ़कर 13,034 रेक हो गई, यानी 688 रेक की वृद्धि। यह बेहतर टर्मिनल उत्पादकता और विभिन्न मंडलों के बीच समन्वय का स्पष्ट संकेत है।

प्रमुख वस्तुओं में अनलोडिंग के क्षेत्र में भी उत्साहजनक वृद्धि दर्ज की गई। ऑटोमोबाइल ट्रैफिक में 22 प्रतिशत, सीमेंट अनलोडिंग में 18 प्रतिशत वृद्धि हुई। वहीं स्टोन चिप्स, खाद्यान्न (FCI) तथा उर्वरक खंड में भी सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई।

टर्मिनलों पर शानदार प्रदर्शन

टर्मिनल स्तर पर भी कई स्टेशनों ने माल उतारने में बेहतर प्रदर्शन किया। बाईहाटा स्टेशन 24 प्रतिशत वृद्धि के साथ शीर्ष स्थान पर रहा। इसके बाद चांगसारी और STAR टर्मिनल ने 18-18 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। वहीं अजारा और जिरानिया जैसे टर्मिनलों ने भी लगातार सुधार करते हुए एनएफआर के लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को मजबूत बनाया।

एनएफआर का वित्तीय वर्ष 2025-26 का यह प्रदर्शन परिचालन उत्कृष्टता, बुनियादी ढांचे के विकास तथा ग्राहक-केन्द्रित पहलों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। रेलवे प्रशासन ने कहा कि आने वाले वर्षों में भी एनएफआर माल परिवहन क्षमता बढ़ाने और पूर्वोत्तर क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति देने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।

कपिंजल किशोर शर्मा मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे