एनएफआर की आरपीएफ का बड़ा अभियान, मार्च में 1.93 करोड़ रुपये से अधिक की बरामदगी, 37 आरोपी गिरफ्तार

गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और रेलवे परिसरों में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए मार्च माह में व्यापक कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। आरपीएफ ने 24 मार्च को गुवाहाटी, न्यू जलपाईगुड़ी, अलुआबाड़ी, कामाख्या, होजाई, अगरतला, समसी और न्यू बोंगाईगांव रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में विशेष अभियान चलाकर कई मामलों में प्रभावी कार्रवाई की।

आरपीएफ की गुवाहाटी टीम ने मानवीय पहल के तहत ट्रेन संख्या 15933 डाउन से एक नाबालिग बालक को गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे रेलवे चाइल्ड लाइन के माध्यम से बाल कल्याण समिति को सौंप दिया, ताकि बच्चे की उचित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इसी क्रम में कटिहार की सीआईबी टीम ने समसी रेलवे स्टेशन पर अवैध टिकट कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टिकट दलाल को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 14 अवैध ई-टिकट बरामद किए गए, जिनकी कीमत 61,700 रुपये से अधिक बताई गई है। यह कार्रवाई रेलवे में टिकटों की कालाबाजारी पर करारा प्रहार मानी जा रही है।

आरपीएफ द्वारा चलाए गए अभियानों के दौरान गांजा और शराब सहित कई प्रकार के प्रतिबंधित एवं अवैध सामान भी बरामद किए गए। इसके अलावा अवैध हथियार रखने तथा नशा देकर अपराध करने के मामलों में भी आरोपियों को पकड़कर कानूनी कार्रवाई की गई।

एनएफआर आरपीएफ ने मार्च 2026 के दौरान 26 मार्च तक लगातार सतर्कता और सक्रियता के साथ विभिन्न स्टेशनों व ट्रेनों में व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान 268.82 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही सिगरेट, कफ सिरप, हेरोइन, 1200 किलोग्राम पोस्त दाना और शराब की बड़ी खेप भी जब्त की गई। जब्त किए गए सभी सामान की कुल कीमत 1.91 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। इन अभियानों के दौरान कुल 37 लोगों को गिरफ्तार या हिरासत में लिया गया है। वहीं एक मामले में 7 लाख 60 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

हथियार और गोला-बारूद से जुड़े मामलों में आरपीएफ ने 1 पिस्टल, 2 मैगजीन और 2 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। चोरी से संबंधित मामलों में 8 आरोपियों को पकड़ा गया, जिनकी निशानदेही पर 7 मोबाइल फोन और 1 ट्रॉली बैग बरामद किया गया, जिसकी कुल कीमत लगभग 86 हजार रुपये बताई गई है।

टिकट दलाली के खिलाफ की गई कार्रवाई में आरपीएफ ने 2 टिकट दलालों को गिरफ्तार कर उनके पास से 16 टिकट बरामद किए, जिनकी कीमत 63,668 रुपये है। इन सभी अभियानों और कार्रवाई के बाद मार्च माह में अब तक आरपीएफ द्वारा कुल बरामदगी और राजस्व लगभग 1.93 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।

एनएफआर आरपीएफ की इन कार्रवाइयों से यह स्पष्ट होता है कि रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे परिसर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर नियंत्रण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आरपीएफ द्वारा आगे भी सतर्कता और सख्त अभियान जारी रखे जाएंगे, ताकि रेलवे यात्रा सुरक्षित और यात्री अनुकूल बनी रहे।

यह जानकारी एनएफआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा द्वारा जारी की गई।