डीआरएम राकेश रंजन की अध्यक्षता में एससी/एसटी रेलवे कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों संग बैठक संपन्न

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल में मंडल सभाकक्ष में ऑल इंडिया एससी/एसटी रेलवे कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों के साथ एक अनौपचारिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधकराकेश रंजन ने की।

बैठक में रेलवे प्रशासन की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधकजे.एस. मीना सहित मंडल के सभी शाखाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं संगठन की ओर से बिलासपुर मंडल अध्यक्ष शिवमंगल, जोनल सचिव श्री प्रभात पासवान सहित अन्य पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए।

बैठक के दौरान एससी/एसटी रेलवे कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा की गई। इसमें कर्मचारियों की पेंशन, पदोन्नति, स्थानांतरण, आवास संबंधी आवश्यकताएं तथा बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल रहे।

डीआरएम राकेश रंजन ने संगठन के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए रेलवे प्रशासन हर संभव प्रयास करेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए ताकि कर्मचारियों के हित में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

रेल प्रशासन ने कहा कि कर्मचारियों के कल्याण, हितों की रक्षा और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा संवाद और सहभागिता की यह प्रक्रिया भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।