बिलासपुर मंडल में मार्च माह में सेवानिवृत्त हुए 19 रेलकर्मियों को दी गई भावभीनी विदाई

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में मार्च 2026 माह के दौरान विभिन्न विभागों में कार्यरत 19 रेलकर्मी अपनी गौरवशाली सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर मंडल कार्मिक सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को ससम्मान एवं भावभीनी विदाई दी गई।

समारोह के दौरान सहायक कार्मिक अधिकारी रंजन कुमार रुखैयार एवं सहायक कार्मिक अधिकारी भास्कर गुहा द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बंदोबस्त भुगतान से संबंधित समस्त आवश्यक दस्तावेज, सेवा प्रशस्ति प्रमाण-पत्र तथा सेवा मैडल प्रदान किए गए। कार्यक्रम में कर्मचारियों की वर्षों की सेवा एवं योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

इस दौरान मुख्य कार्यालय अधीक्षक (आईटी) सेवक रजक ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उम्मीद कार्ड (मेडिकल) एवं बंदोबस्त से संबंधित नियमों की जानकारी दी, जिससे उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली सुविधाओं का लाभ लेने में कोई परेशानी न हो।

समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन, मंडल कल्याण निरीक्षक तथा कार्मिक निपटारा शाखा के कर्मचारी भी उपस्थित रहे। जानकारी के अनुसार सेवानिवृत्त 19 कर्मचारियों में विद्युत विभाग से 6, इंजीनियरिंग विभाग से 6, परिचालन विभाग से 3, मेकेनिकल विभाग से 2 तथा सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग से 2 कर्मचारी शामिल हैं।

कार्यक्रम में मंडल कार्मिक अधिकारी ने सभी कर्मचारियों को उनकी सेवा के लिए बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य, सुखद जीवन और दीर्घायु होने की शुभकामनाएं दीं। समारोह का माहौल भावुक रहा और सभी ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।