लव मैरिज के 15 दिन बाद नर्स ने की खुदकुशी, मिला सुसाइड नोट

बरेली। के थाना इज्जतनगर क्षेत्र मे प्रेम विवाह के महज 15 दिन बाद ही संदिग्ध परिस्थितियों में युवती ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें युवती ने अपनी मौत के लिए किसी को भी जिम्मेदार नही ठहराया। इज्जतनगर की रामनगर कॉलोनी निवासी चरनपाल गंगवार ने बताया कि वह यहां अपनी बहन 24 वर्षीय आरती के साथ रहते थे। वह एक सैलून मे और आरती अस्पताल मे काम करती थी। गुरुवार रात करीब 9:30 बजे वह घर पहुंचे तो कमरे मे आरती का शव फंदे पर लटक रहा था। पुलिस ने कमरा खोलकर शव पोस्टमार्टम को भेजा। कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला। जिसमे आरती ने अपनी मौत के लिए खुद को ही जिम्मेदार बताया है। चरनपाल ने बताया कि आरती की दोस्ती साथ मे ही काम करने वाले बदायूं के लड़के से हो गई थी। इस पर 15 दिन पहले वह घर से चली गई और लव मैरिज कर ली। मगर दो-तीन दिन बाद ही वह वापस आ गई और वहां अच्छा नही लगने की बात कही। इस पर उन्होंने आरती से अपने साथ ही रहने को कह दिया। चरनपाल ने बताया कि कुछ दिन पहले आरती ने दोबारा उसी युवक के पास जाने की बात कही और वह शुक्रवार को जाने वाली थी। मगर उन दोनों के बीच कुछ बात बिगड़ गई थी। चार-पांच दिन पहले वह युवक उनके घर आया और एक शीशी मे लाई कोई दवाई जहर बताकर पी ली। ट्रेन से कटकर दी जान: बरेली। महेशपुरा क्रासिंग के पास 30 वर्षीय रामविलास ने पत्नी के ससुराल जाने से मना करने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। जीआरपी जंक्शन के मुताबिक सिरौली इलाके के खुर्द नवाबपुरा गांव निवासी धनीराम के बेटे रामविलास की शादी सात साल पहले महेशपुरा की प्रियंका से हुई थी। जीआरपी इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि गुरुवार को रामविलास पत्नी को लेने ससुराल आया था। पत्नी ने जाने से मना कर दिया। इस पर दंपति के बीच कहासुनी हुई, इसी से क्षुब्ध होकर उसने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।।