इज्जतनगर मंडल में 14 रेलकर्मियों को सम्मानपूर्वक दी गई विदाई, 9 कर्मचारियों को मिली पदोन्नति

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में जुलाई 2026 के दौरान सेवानिवृत्त हुए 14 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में मंडल सभा कक्ष में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने सभी सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को समापक राशि भुगतान परिपत्र, मेडिकल कार्ड तथा सेवानिवृत्ति से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रदान कर उनके स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में अपर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों से स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, जीवनभर की अर्जित पूंजी का विवेकपूर्ण निवेश करने तथा अपने अनुभवों से समाज और परिवार का मार्गदर्शन करते रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रेल सेवा के दौरान उनकी निष्ठा, समर्पण और कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के रेलकर्मियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

मंडल कार्मिक अधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि इंजीनियरिंग, विद्युत, परिचालन, सिग्नल, चिकित्सा और यांत्रिक विभाग सहित विभिन्न शाखाओं के कुल 14 कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। समारोह में सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न एवं शुभकामनाएं प्रदान की गईं।

उन्होंने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक के निर्देश पर इज्जतनगर मंडल में एक नई पहल शुरू की गई है, जिसके तहत सेवानिवृत्ति से उत्पन्न होने वाले रिक्त पदों पर उसी दिन पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की जाती है। इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना तथा पदोन्नति प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है। इसी क्रम में जुलाई माह में 9 कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ भी दिया गया।

समारोह में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू.एस. नाग, सभी शाखा अधिकारी, मान्यता प्राप्त यूनियनों एवं एसोसिएशनों के प्रतिनिधि, रेलकर्मी तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ, जहां सभी ने सेवानिवृत्त रेलकर्मियों की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और सुखद भविष्य की कामना की।