इज्जतनगर मंडल में ‘प्रेम’ बैठक सम्पन्न: रेलकर्मियों के सुझावों से मजबूत होगी संरक्षा, कार्यकुशलता और यात्री सुविधाएं

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में रेल प्रशासन और कर्मचारी संगठनों के बीच बेहतर समन्वय, सुरक्षित रेल संचालन तथा संगठनात्मक विकास को लेकर रेल कर्मियों की प्रबंधन में भागीदारी (प्रेम) बैठक का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में रेलवे अधिकारियों और विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने रेल संरक्षा, कर्मचारियों के कल्याण, कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं तथा यात्री सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस यूनियन, ऑल इंडिया एससी/एसटी एसोसिएशन, ओबीसी एसोसिएशन सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। सभी प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रशासन के समक्ष रखा तथा उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कहा कि प्रेम बैठक भारतीय रेल का एक महत्वपूर्ण संवाद मंच है, जहां संगठनात्मक विकास, रेल संरक्षा, उत्पादकता और नीतिगत विषयों पर सकारात्मक एवं रचनात्मक विचार-विमर्श किया जाता है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों की सहभागिता तथा उनके सुझाव रेलवे की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सभी का साझा लक्ष्य सुरक्षित, समयबद्ध, यात्री-केंद्रित और कुशल रेल संचालन सुनिश्चित करना है।

अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने कहा कि इस प्रकार की बैठकों का उद्देश्य सुरक्षित ट्रेन संचालन को मजबूत करना, रेलवे के राजस्व में वृद्धि करना तथा कर्मचारियों के कल्याण और कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

बैठक के दौरान कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न एजेंडों के माध्यम से कर्मचारियों और आम जनता से जुड़े मुद्दे उठाए। रेलवे प्रशासन ने सभी सुझावों और मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उनके शीघ्र एवं समयबद्ध निस्तारण का भरोसा दिलाया।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की नियमित संवाद बैठकें प्रशासन और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ रेल संरक्षा, सेवा गुणवत्ता और यात्री सुविधाओं को नई मजबूती प्रदान करती हैं।