इज्जतनगर मंडल कार्यालय परिसर में नवीनीकृत मंडल क्रीड़ा कार्यालय का उद्घाटन

बरेली। इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में नवीनीकृत मंडल क्रीड़ा कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने उद्घाटन फलक का अनावरण कर फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया।

उद्घाटन के बाद मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कहा कि मंडल के खिलाड़ियों को अधिक से अधिक आधुनिक एवं उन्नत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे बिना किसी बाधा के खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर मंडल का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया।

मंडल क्रीड़ा अधिकारी एवं वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक रत्नेश कुमार सिंह ने बताया कि क्रीड़ा कार्यालय के नवीनीकरण से खिलाड़ियों को विभागीय कार्यों के साथ-साथ खेल से संबंधित गतिविधियों में भी काफी सुविधा होगी। इससे खिलाड़ियों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन समय पर मिल सकेगा।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, सभी शाखा अधिकारी, मान्यता प्राप्त यूनियन के पदाधिकारी, मंडल क्रीड़ा सचिव इज्जतनगर गीता शर्मा सहित अनेक खिलाड़ी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक इज्जतनगर संजीव शर्मा भी मौजूद रहे।

रेल प्रशासन ने उम्मीद जताई कि नवीनीकृत क्रीड़ा कार्यालय से मंडल के खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण मिलेगा और वे आने वाली प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मंडल का गौरव बढ़ाएंगे।