जोधपुर मंडल में ‘एक्जीक्यूटिव हेल्थ चेकअप’ कैंप आयोजित

जोधपुर मंडल में ?एक्जीक्यूटिव हेल्थ चेकअप? कैंप आयोजित

80 अधिकारियों ने कराई स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी परामर्श सेवाएं

जोधपुर, 26 मार्च। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में अधिकारियों के स्वास्थ्य और कार्यक्षमता को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को ?एक्जीक्यूटिव हेल्थ चेकअप? कैंप का आयोजन किया गया। यह शिविर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित हुआ, जिसका उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने किया।

यह स्वास्थ्य शिविर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस. आर. बुनकर के निर्देशन में आयोजित किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा व्यस्त कार्यशैली के बीच समय रहते बीमारियों की पहचान सुनिश्चित करना रहा।

कैंप में 80 वरिष्ठ एवं अधीनस्थ अधिकारियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा हृदय, रक्त, मधुमेह, अंगों की कार्यक्षमता तथा हड्डियों से संबंधित विभिन्न जांचें आधुनिक उपकरणों की सहायता से की गईं। जांच के उपरांत अधिकारियों को आवश्यक चिकित्सकीय सलाह के साथ दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।

इसके साथ ही शिविर के दौरान तनाव प्रबंधन, संतुलित आहार और नियमित व्यायाम के महत्व पर विशेष सत्र भी आयोजित किए गए। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बुनकर ने बताया कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए स्वस्थ वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

शिविर में बड़ी संख्या में अधिकारियों ने उम्मीद कार्ड के माध्यम से पंजीकरण कराते हुए स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। रेलवे प्रशासन ने इस आयोजन को अधिकारियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सफल पहल बताया।

इस अवसर पर रेलवे अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ ने शिविर में अपनी सेवाएं प्रदान कीं।