जोधपुर मंडल में 70वां रेल सेवा पुरस्कार समारोह संपन्न

जोधपुर मंडल में 70वां रेल सेवा पुरस्कार समारोह संपन्न

रेलवे स्टेडियम में 28 अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में बुधवार को 70वां रेल सेवा पुरस्कार समारोह रेलवे स्टेडियम में भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 28 रेल अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

समारोह का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी एवं महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष श्रीमती निष्ठा त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसने समारोह में उत्साह का माहौल बना दिया।

इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक द्वारा वर्षभर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं अधिकारियों को रेल सेवा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में परमानंद, सचिन जैन, हीना दवे, अरविंद गहलोत, मुकेश कुमार मीणा, रोहिताश विश्नोई, मोहम्मद रियाज अनवर, प्रताप सिंह, अभिषेक गांगुली, भारत लाल, कांता चौधरी, विकास बुरडक, दीपेश कुमार, अंजय कुमार सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

समारोह में भंवरलाल खीचड़, पवन कुमार, भैराराम, अशोक, देवी चरण मीणा, हेम सिंह गुर्जर, अशोक खिलेरी, नारायण राम मेघवाल, मंगलराम सैनी, मोहित कुमार बुंदेल, महावीर प्रसाद जैन, मेघराज अग्रवाल, अरुण कुमार एवं सुरेश चंद्र मीणा को भी सम्मानित किया गया।

इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि जोधपुर मंडल लगभग 1600 किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है और यहां करीब 10 हजार कर्मचारी दिन-रात रेलवे सेवाओं को सुचारू बनाए रखने में लगे हैं। उन्होंने बताया कि मंडल द्वारा समय पालन, लोडिंग तथा यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया जा रहा है।

समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम, मुख्य परियोजना प्रबंधक सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस. आर. बुनकर, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी ने अतिथियों का स्वागत किया तथा अंत में मंडल कार्मिक अधिकारी अमृत लाल मीणा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच संचालन सुनील टाक और प्रदीप विमल ने किया।