₹3.50 करोड़ से बदलेगी पोकरण रेलवे स्टेशन की सूरत, मिलेंगी आधुनिक यात्री सुविधाएं

₹3.50 करोड़ से बदलेगी पोकरण रेलवे स्टेशन की सूरत, मिलेंगी आधुनिक यात्री सुविधाएं

जोधपुर। पश्चिमी राजस्थान के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल पोकरण रेलवे स्टेशन का ₹3.50 करोड़ की लागत से व्यापक पुनर्विकास किया जा रहा है। इस परियोजना की शुरुआत पिछले वर्ष मई में हुई थी और रेलवे ने इसे मई 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि स्टेशन के पुनर्विकास के तहत नई स्टेशन बिल्डिंग के साथ एक आधुनिक फुटओवर ब्रिज (FOB) का निर्माण किया जा रहा है। यह पुल लगभग 4.5 मीटर चौड़ा और 30 मीटर लंबा होगा, जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्मों के बीच सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने जानकारी दी कि स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए वेटिंग हॉल, वेटिंग रूम, स्टेशन अधीक्षक एवं यातायात निरीक्षक कार्यालय, दो प्लेटफॉर्म शेल्टर और आधुनिक टॉयलेट ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा प्लेटफॉर्म का उन्नयन, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, नए संकेतक बोर्ड और स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण भी कार्यों में शामिल है।

डीआरएम ने बताया कि पोकरण स्टेशन सामरिक और धार्मिक दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण है। भारत-पाक सीमा के निकट होने के कारण इसका रणनीतिक महत्व है, वहीं पास स्थित रामदेवरा धाम के चलते यहां सालभर श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही बनी रहती है।

परियोजना पूरी होने के बाद यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा, साथ ही क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।

प्रमुख विकास कार्य: ? नई स्टेशन बिल्डिंग और फुटओवर ब्रिज (4.5 मीटर चौड़ा, 30 मीटर लंबा)

आरामदायक वेटिंग हॉल व वेटिंग रूम

प्रशासनिक कार्यालयों का निर्माण

दो प्लेटफॉर्म शेल्टर

आधुनिक व स्वच्छ टॉयलेट ब्लॉक

प्लेटफॉर्म उन्नयन, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण कार्य

रेलवे के इस कदम से पोकरण स्टेशन न केवल आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, बल्कि यात्रियों के लिए एक बेहतर और सुविधाजनक यात्रा केंद्र के रूप में विकसित होगा।