जोधपुर मंडल में विशेष अभियान: 40 अनाधिकृत वेंडरों पर कार्रवाई, 15 हजार रुपए जुर्माना

जोधपुर मंडल में विशेष अभियान: 40 अनाधिकृत वेंडरों पर कार्रवाई, 15 हजार रुपए जुर्माना

जोधपुर। रेलवे द्वारा ट्रेनों और स्टेशन परिसरों में अनाधिकृत वेंडिंग पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जोधपुर मंडल ने बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान विभिन्न ट्रेनों में 40 अनाधिकृत वेंडरों को पकड़कर उनके खिलाफ कुल 15 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।

मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि जांच के दौरान ऐसे वेंडर पकड़े गए जो बिना अनुमति ट्रेनों और रेलवे परिसरों में सामान बेच रहे थे। सभी के खिलाफ रेलवे नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रेनों और स्टेशन परिसर में बिना अनुमति सामान बेचना पूरी तरह गैरकानूनी है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे इस तरह की गतिविधियों पर सख्ती से निगरानी रख रहा है और नियमित रूप से अभियान चलाए जा रहे हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई से न केवल अवैध वेंडिंग पर अंकुश लगेगा, बल्कि यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सेवाएं भी मिलेंगी। साथ ही स्टेशन परिसर में व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा। इसके लिए संबंधित सेक्शन के वाणिज्य निरीक्षकों और टिकट चेकिंग स्टाफ को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।