चैत्र नवरात्रि के चौथे दिन माता कूष्मांडा की आराधना, बजरंग नगर में भव्य जागरण आयोजित

सुमित गर्ग,

आगरा। चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। नवरात्रि के चौथे दिन मां दुर्गा के चौथे स्वरूप माता कूष्मांडा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। धार्मिक मान्यता के अनुसार माता कूष्मांडा को सृष्टि की रचयिता माना जाता है। कहा जाता है कि जब चारों ओर अंधकार था, तब मां ने अपनी मधुर मुस्कान से ब्रह्मांड की रचना की।

इसी क्रम में शहर के सिकंदरा क्षेत्र स्थित बजरंग नगर में विशेष भक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां अधिवक्ता राजकुमार बघेल एवं उनकी पत्नी राजेश्वरी बघेल के आवास पर माता का भव्य जागरण एवं भजन संध्या आयोजित की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान उपस्थित रहीं। वहीं उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ की जिला अध्यक्ष गीता सिंह राठौड़ ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

भजन संध्या के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर माता के भजनों पर श्रद्धा भाव से झूमकर भक्ति का आनंद लिया। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालु मां की भक्ति में लीन नजर आए।

नवरात्रि के इस पावन अवसर पर शहर भर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों की धूम देखने को मिल रही है, जिससे आस्था और उत्साह का माहौल बना हुआ है।