भ्याना स्कूल के छात्रों का सांची स्तूप व उदयगिरी गुफाओं का शैक्षणिक भ्रमण

सण्डावता। पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भ्याना के छात्र-छात्राओं ने विश्व धरोहर स्थलों सांची स्तूप एवं उदयगिरी गुफाओं का शैक्षणिक भ्रमण कर ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्राचीन भारतीय वास्तुकला, मूर्तिकला एवं चित्रकला को नजदीक से समझा।सांची स्तूप में विद्यार्थियों ने भगवान बुद्ध के अवशेषों को सुरक्षित रखने हेतु पत्थरों से निर्मित बौद्ध स्थापत्य कला, सुंदर नक्काशी एवं सम्राट अशोक से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन किया। वहीं उदयगिरी गुफाओं में भगवान विष्णु के वराह अवतार की भव्य प्रतिमा के साथ लगभग 20 गुफाओं में गुप्तकालीन वास्तुकला और मूर्तिकला का अध्ययन किया।विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक अनिल पालीवाल ने बताया कि इस शैक्षणिक भ्रमण में कुल 53 छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के भ्रमण से विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ ऐतिहासिक स्थलों को प्रत्यक्ष देखने का अवसर मिलता है, जिससे उनकी समझ और रुचि में वृद्धि होती है।भ्रमण के दौरान वरिष्ठ शिक्षक संजय चौहान, सत्यनारायण शर्मा, बालकृष्ण चौहान, मोहम्मद हुसैन, बाहर अली पठान, कन्हैयालाल मालवीय, राजेश बैरागी एवं मनोहरलाल भिलाला सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।