ताखला महादेव मंदिर परिसर में योग साधकों का विशेष आयोजन

योगाभ्यास, पौधा वितरण, झरने में स्नान के साथ हुई जिला स्तरीय बैठक

राजगढ़। संवाददाता जगदीश सिसोदिया।

श्रावण मास के पावन अवसर पर ताखला त्रिवेणी स्थित महादेव मंदिर परिसर में नियमित योग कक्षा के साधकों द्वारा विशेष आयोजन किया गया। प्राकृतिक एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच साधकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया और योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान योग से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान बालचंद गुर्जर द्वारा मधुसूदनी पौधे की पत्तियों का वितरण किया गया। इसके बाद योग साधकों ने प्रकृति की गोद में बहते प्राकृतिक झरने के निर्मल जल में स्नान कर आनंद लिया। श्रावण मास में आयोजित इस योग स्नान ने कार्यक्रम को विशेष आध्यात्मिक एवं प्राकृतिक स्वरूप प्रदान किया।

अल्पाहार के बाद जिला स्तरीय योग बैठक आयोजित की गई। बैठक में योग के प्रचार-प्रसार, युवाओं को योग से जोड़ने तथा संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर सार्थक चर्चा की गई।

इस अवसर पर जिला प्रभारी भारत स्वाभिमान भगवान सिंह कारपेंटर, संतराम आर्य, बालचंद दांगी, मुस्तफा भाई बोहरा, चौहान जी, भगवत सिंह परमार, बसंत कुमार नागर, डॉ. प्रदुम्न रॉय, मनीष भंडारी, अशोक गुप्ता, जितेंद्र सोनी, नरेंद्र सिंह सोनगरा, बालचंद गुर्जर, गोपाल सिंह एवं हर्षित चौहान सहित अनेक योग साधक उपस्थित रहे।

धर्म और योग पर विचार रखते हुए संतराम आर्य ने कहा कि अच्छे कार्यों को जीवन में अपनाना ही सच्चे धर्म का पालन है। डॉ. प्रदुम्न रॉय ने युवाओं को मोबाइल एवं डिजिटल साधनों की व्यस्तता से निकालकर योग, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ने पर जोर दिया। वहीं बालचंद दांगी ने कहा कि योग ऐसा माध्यम है, जो जीवनभर मनुष्य के काम आता है। इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और समाज में योग के प्रति जागरूकता पैदा करना सभी का दायित्व है।

अंत में शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन में योग से स्वास्थ्य, प्रकृति से आनंद और संस्कारों से जीवन को समृद्ध बनाने का संदेश दिया गया।