अवैध खनन की कवरेज करने गए पत्रकार पर खनन माफियाओं द्वारा गैंग बनाकर किया जानलेवा हमला, गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर रेफर

अवैध खनन की कवरेज करने गए पत्रकार पर खनन माफियाओं द्वारा गैंग बनाकर किया जानलेवा हमला, गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर रेफर


शिकारगंज/चकिया (चंदौली)। जनपद चंदौली के चकिया क्षेत्र में पत्रकारों की सुरक्षा पर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। अवैध खनन की खबर कवरेज करने गए एक पत्रकार पर खनन माफियाओं ने गैंग बनाकर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गया।

मामला शिकारगंज के समीप का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार पत्रकार अवैध खनन की सूचना मिलने पर मौके पर कवरेज करने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद अवैध खनन में लिप्त लोगों ने एकजुट होकर पत्रकार पर हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी।

हमले में पत्रकार के सिर में गंभीर चोट लग गई और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही लगभग एक घंटे के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम और ग्रामीणों के सहयोग से घायल पत्रकार को उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया में भर्ती कराया गया।

चिकित्सकों के अनुसार पत्रकार के सिर में गंभीर चोट होने के कारण उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर बीएचयू रेफर कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया में बड़ी संख्या में पत्रकार पहुंच गए और घटना को लेकर आक्रोश जताया। वहीं पीड़ित पत्रकार के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए चकिया कोतवाली में लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि चकिया क्षेत्र में अवैध खनन का कारोबार लंबे समय से फल-फूल रहा है और इसके खिलाफ खबरें प्रकाशित करने वाले पत्रकारों को अक्सर धमकियों और हमलों का सामना करना पड़ता है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। पत्रकार संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।