Chandauli News:चकिया थाना प्रभारी अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पशु तस्करों पर लगातार प्रहार संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़, एक बदमाश घायल, चार गिरफ्तार; गिरोह का हुआ पर्दाफाश

एसओजी व चकिया पुलिस की घेराबंदी में पकड़े गए पशु तस्कर, मैजिक वाहन भी बरामद
पूछताछ में कई अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद, पुलिस जुटी गिरोह की कड़ियां जोड़ने में

चकिया।जनपद में पशु तस्करों के खिलाफ चकिया थाना प्रभारी अर्जुन सिंह के नेतृत्व में लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में चकिया पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर पशु चोरी व तस्करी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि चार अन्य आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक मैजिक वाहन भी कब्जे में ले लिया।

पुलिस को ब्रम्होरा नाका क्षेत्र में पशु चोरी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अर्जुन सिंह के निर्देशन में चकिया पुलिस और एसओजी टीम ने संभावित मार्गों पर घेराबंदी शुरू कर दी। गरला के पास संदिग्ध नीले रंग की मैजिक को रोकने का प्रयास किया गया तो उसमें सवार बदमाश भागने लगे।पुलिस ने चार आरोपियों को तत्काल दबोच लिया। इसी दौरान एक बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगा। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार कराया गया।गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह गिरोह क्षेत्र में हुई अन्य पशु चोरी की घटनाओं में भी शामिल हो सकता है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर जल्द ही कई और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
पुलिस ने बरामद मैजिक वाहन को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफल कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पशु तस्करों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने चकिया पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।