Chandauli News:चकिया थाना प्रभारी और सैदूपुर चौकी इंचार्ज की जोड़ी कर रही कमाल,लगातार कार्रवाई से पशु तस्करों में मचा बवाल

कानून के शिकंजे में एक-एक कर हो रहे बेहाल,चार वाहनों से 17 गोवंश बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार, गोवध निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चकिया। कोतवाली क्षेत्र में पशु तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। थाना प्रभारी अर्जुन सिंह के नेतृत्व में लगातार अपराधियों और पशु तस्करों पर कार्रवाई जारी है, जिससे तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। इसी क्रम में गुरुवार को चलाए गए विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार वाहनों से 17 गोवंश बरामद किए तथा चार पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों वाहनों को सीज करते हुए आरोपितों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद भर में पशु तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चकिया थाना प्रभारी अर्जुन सिंह के नेतृत्व में बेलावर-कोटवारी, मुसाखाड़ बांध एवं बेलावर क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने सबसे पहले मैजिक वाहन संख्या UP65JT1321 को रोककर तलाशी ली, जिसमें छह गोवंश बरामद हुए।वाहन चालक सिंटू सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।इसके बाद पुलिस ने मैजिक वाहन संख्या UP63BT7038 तथा टाटा मैजिक UP65NT1496 से कुल आठ गोवंश बरामद किए। इन वाहनों से मनीष कुमार मौर्य एवं गोविंद कुमार को गिरफ्तार किया गया। वहीं पिकअप वाहन UP63CT0149 से तीन गोवंश बरामद करते हुए मंदन पाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस प्रकार कुल चार वाहनों से 17 गोवंश बरामद किए गए, जिनमें कई छोटे बछड़े भी शामिल थे।पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि वे मिर्जापुर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से गोवंश एकत्रित कर पिकअप और मैजिक वाहनों में भरकर अहरौरा,मुसाखाड़, बेलावर तथा सुल्तानपुर-घुरहूपुर मार्ग होते हुए बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाते थे, जहां अधिक कीमत पर उनकी बिक्री कर मोटा मुनाफा कमाते थे।पुलिस के अनुसार बरामद गोवंशों में कई छोटे बछड़े भी शामिल हैंआशंका जताई जा रही है कि तस्कर छोटे बछड़ों को दिखाकर पुलिस और लोगों को भ्रमित करने का प्रयास करते थे।सभी बरामद गोवंशों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद चकिया नगर पंचायत के गोवंश आश्रय स्थल भेज दिया गया है, जहां पशु चिकित्सकों द्वारा उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। शासन के निर्देशानुसार उनके पालन-पोषण, चिकित्सा, भोजन एवं पानी की समुचित व्यवस्था कराई गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अर्जुन सिंह के साथ उपनिरीक्षक अनिल कुमार पांडेय, मुन्ना सिंह, सुरेंद्र कुमार, विनोद कुमार पांडेय सहित चकिया पुलिस टीम के अन्य जवानों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस की इस लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में पशु तस्करों के खिलाफ कड़ा संदेश गया है और आमजन ने पुलिस की इस मुहिम की सराहना की है।