चंदौली:बबुरी थाना क्षेत्र में दलित महिला से घर में घुसकर छेड़छाड़ और जातीय उत्पीड़न, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

बबुरी:थाना क्षेत्र अंतर्गत लठौरा गांव से एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है।यहां की एक अनुसूचित जाति की महिला ने गांव के ही तीन नामजद व्यक्तियों पर घर में जबरन घुसने, छेड़छाड़ करने, मारपीट करने, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि उसने पहले बबुरी थाने में और उसके बाद पुलिस अधीक्षक चंदौली के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई, परंतु अब तक आरोपियों के विरुद्ध कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई है।

पीड़िता द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, उसके पति एक सड़क दुर्घटना के बाद रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट लगने के कारण दिव्यांग हैं। आरोप है कि 4 जुलाई 2026 की शाम को तीनों आरोपी अचानक घर में घुस आए और दिव्यांग पति के सामने अभद्र व्यवहार करने लगे।महिला का दावा है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ की और मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं तथा उसकी चूड़ियां भी टूट गईं।शोर मचाने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।