राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर में ऊर्जा संरक्षण व नारी सशक्तिकरण पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम

राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर में ऊर्जा संरक्षण व नारी सशक्तिकरण पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम

चकिया/चंदौली। जनपद चंदौली के चकिया स्थित सावित्री बाई फुले राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चकिया में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत ऊर्जा संरक्षण एवं नारी सशक्तिकरण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशन में कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार सिंह और डॉ. कलावती के कुशल निर्देशन में किया गया। शिविर के दौरान स्वयंसेवक और स्वयंसेविकाओं ने प्रतिदिन की भांति शिविर स्थल की साफ-सफाई, बैनर-पोस्टर को व्यवस्थित करने और कार्यक्रम की तैयारियों के साथ दिन की शुरुआत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ माता सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद आयोजित बौद्धिक संगोष्ठी में वक्ताओं ने ऊर्जा संरक्षण और नारी सशक्तिकरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

अर्थशास्त्र विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. विश्व प्रकाश शुक्ल ने ऊर्जा संरक्षण पर अपने विचार रखते हुए कहा कि आधुनिक जीवन में ऊर्जा का महत्व अत्यंत अधिक है। बढ़ती जनसंख्या और औद्योगिक विकास के कारण ऊर्जा की मांग तेजी से बढ़ रही है, इसलिए बिजली, पानी, पेट्रोल और डीजल जैसे संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करना आवश्यक है। उन्होंने सौर ऊर्जा जैसे नवीकरणीय स्रोतों के उपयोग को बढ़ावा देने और अनावश्यक बिजली के उपयोग से बचने पर जोर दिया।

वहीं हिंदी विभाग के वरिष्ठ सहायक प्रोफेसर डॉ. रमाकांत गौड़ ने नारी सशक्तिकरण विषय पर अपने व्याख्यान में कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक अधिकारों के माध्यम से सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि जब महिलाएं शिक्षित और आत्मनिर्भर बनती हैं तो वे परिवार, समाज और देश के विकास में सक्रिय योगदान देती हैं।

उन्होंने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं जैसे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना तथा महिला स्वयं सहायता समूहों को महिलाओं के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने ऊर्जा संरक्षण और नारी सशक्तिकरण के संदेश के साथ रैली निकालकर चौहान और मुस्लिम मलिन बस्ती मुहम्मदाबाद तथा शेरपुर के आसपास के क्षेत्रों में लोगों को जागरूक किया। रैली के दौरान नारे और संदेशों के माध्यम से लोगों को ऊर्जा बचाने और महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर रोशन मौर्य, अमन, अजय, कृष्ण कल्याणकर एवं विनय की टोली नंबर-6 ने नाश्ता और भोजन की व्यवस्था का दायित्व निभाया, जबकि महिमा, नाज, सादिया और गरिमा यादव ने राष्ट्रीय सेवा योजना गीत प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का स्वागत डॉ. सुरेन्द्र कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. कलावती ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, स्वयंसेवक एवं स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।