गरला ग्राम पंचायत में बीएलओ पर गंभीर आरोप, मतदाता सूची में नाम जोड़ने-काटने के नाम पर धनउगाही का आरोप; ग्रामीण लामबंद

गरला ग्राम पंचायत में बीएलओ पर गंभीर आरोप, मतदाता सूची में नाम जोड़ने-काटने के नाम पर धनउगाही का आरोप; ग्रामीण लामबंद

चकिया/चंदौली। जनपद चंदौली के चकिया क्षेत्र अंतर्गत गरला ग्राम पंचायत में तैनात बीएलओ पर मतदाता सूची में गड़बड़ी और धनउगाही के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव से पहले मतदाता सूची में बाहरी लोगों के नाम जोड़ने और स्थानीय लोगों के नाम काटने का खेल चल रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत में तैनात बीएलओ आमोद कुमार और दीपक जगराना द्वारा कथित रूप से चुनाव आयोग के नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। आरोप है कि बाहरी गांवों के लोगों का नाम गरला गांव की मतदाता सूची में जोड़ा जा रहा है, जिससे आने वाले ग्राम प्रधान चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।

नाम काटने-जोड़ने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि जिन लोगों से पैसे नहीं दिए जा रहे हैं, उन्हें मतदाता सूची से नाम काटकर दूसरे गांव में नाम जोड़ने की धमकी दी जा रही है। आरोप है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने के एवज में बीएलओ द्वारा 500 रुपये तक की मांग की जा रही है।

इस कथित धनउगाही और अनियमितता से नाराज ग्रामीण अब खुलकर विरोध में उतर आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं की गई तो निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

मामले को लेकर गांव के लोग लामबंद हो गए हैं और हस्ताक्षर युक्त प्रार्थना पत्र तैयार कर प्रशासन से शिकायत करने की तैयारी कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे जल्द ही यह प्रार्थना पत्र लेकर विनय कुमार मिश्रा (उपजिलाधिकारी चकिया) से मिलेंगे और पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग करेंगे।

ग्रामीणों ने यह भी मांग उठाई है कि गांव में तैनात दोनों बीएलओ को तत्काल हटाकर निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की अनियमितता न हो सके।

फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और लोग प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।