बिलग्राम की मस्जिद उमर में तरावीह में कुरान पाक मुकम्मल, अमन-चैन और खुशहाली के लिए मांगी गई दुआ, हरदोई में बड़ी संख्या में पहुंचे नमाज़ी

हरदोई। बिलग्राम नगर में पवित्र रमजान माह के दौरान तरावीह की नमाज में कुरान पाक मुकम्मल होने का सिलसिला जारी है। रमजान के 16वें दिन नगर की कई मस्जिदों में कुरान पाक का पहला दौर मुकम्मल किया गया। इसी क्रम में पीपल चौराहा स्थित मस्जिद उमर में भी तरावीह की नमाज के दौरान कुरान पाक का पहला दौर मुकम्मल हुआ।
मस्जिद उमर में हाफिज मौलाना ओसामा ने तरावीह की नमाज में कुरान पाक का पहला दौर मुकम्मल कराया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नमाजियों ने तरावीह की नमाज अदा की। वहीं मुफ्ती असद ने तरावीह की नमाज की फजीलत बयान करते हुए लोगों को रमजान के महीने में अधिक से अधिक इबादत करने की नसीहत दी।
मुफ्ती असद ने अपने बयान में कहा कि रमजान का महीना इबादत, सब्र और रहमत का महीना है। इस पाक महीने में मुसलमानों को ज्यादा से ज्यादा नमाज पढ़नी चाहिए, कुरान पाक की तिलावत करनी चाहिए और जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तरावीह की नमाज का विशेष महत्व है और इसे नियमित रूप से अदा करना चाहिए।
तरावीह की नमाज मुकम्मल होने के बाद मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई। इस मौके पर मस्जिद कमेटी और नगर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सदर हाजी अबरार, मुतवल्ली मो. अयूब (लल्ला), नदीम, शमीम खान गुड्डू, मौलाना गुफरान, हाफिज नौशाद, डॉ. शब्लू, अज़हर खान सहित बड़ी संख्या में नमाजी उपस्थित रहे। रमजान के इस पवित्र अवसर पर पूरे माहौल में धार्मिक आस्था और भाईचारे की भावना देखने को मिली।