हरदोई के बेटे ने पास की यूपीएससी परीक्षा, 286वीं रैंक पाकर बढ़ाया क्षेत्र का मान, दूसरे अटेम्प्ट में मिली सफलता

हरदोई। कहते हैं कि अगर मेहनत और लगन सच्ची हो तो छोटे गांव की मिट्टी से भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं। हरदोई जिले के माधौगंज विकास खंड के काजीपुर गांव के होनहार युवक योगेंद्र कुमार सिंह ने यह साबित कर दिखाया है। उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) 2025 की परीक्षा में 286वीं रैंक हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग परिवार को बधाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार काजीपुर गांव निवासी नरेश पटेल के पुत्र योगेंद्र कुमार सिंह की प्रारंभिक शिक्षा लखनऊ पब्लिक स्कूल माधौगंज से हुई। इसके बाद उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई लखनऊ स्थित सिटी मांटेसरी स्कूल (सीएमएस) से पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने आईआईटी कानपुर से बीटेक की डिग्री हासिल की। पढ़ाई पूरी करने के बाद योगेंद्र ने बेंगलुरु की एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी भी की।
योगेंद्र की मां रामरोशनी उच्च प्राथमिक विद्यालय बघौणा में सहायक अध्यापिका हैं। मां की प्रेरणा से ही उन्होंने नौकरी छोड़कर यूपीएससी की तैयारी शुरू की। कड़ी मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने अपनी दूसरी ही कोशिश में 286वीं रैंक हासिल कर बड़ी सफलता प्राप्त की।
योगेंद्र ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और छोटे भाई योगेश कुमार को दिया है, जो कानपुर में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं। योगेंद्र का कहना है कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए एकाग्रता, धैर्य और विषयों की गहरी समझ बेहद जरूरी है।
उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।