हरदोई में डॉक्टर की पिटाई का वीडियो वायरल, मेडिकल कॉलेज में दलाली और पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल, उधारी के रूपये मांगने पर हुआ विवाद

हरदोई। मेडिकल कॉलेज के आसपास मरीजों की दलाली का मामला एक बार फिर चर्चा में है। शुक्रवार देर रात कोतवाली देहात क्षेत्र के लखनऊ रोड स्थित श्री श्याम हॉस्पिटल के बाहर एक डॉक्टर के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि अस्पताल संचालक डॉ. विजयपाल के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें मारपीट और कहासुनी की स्थिति दिखाई दे रही है।
डॉ. विजयपाल का आरोप है कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराने की दलाली करने वाला शिवा सिंह उर्फ शिवांजय पहले उनके अस्पताल में काम करता था। उनका कहना है कि करीब एक माह पहले उन्होंने उसे 1.25 लाख रुपये उधार दिए थे। शुक्रवार रात जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ ही देर बाद शिवा सिंह अपने साथियों शिवा गुप्ता, राजीव समेत पांच लोगों के साथ अस्पताल पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर डंडों से हमला कर दिया गया और धमकाने का भी प्रयास किया गया।
इस दौरान अस्पताल के कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पूरा विवाद मेडिकल कॉलेज पुलिस सहायता बूथ के पास हुआ। आरोप है कि मौके पर पुलिसकर्मी विनोद यादव के मौजूद होने के बावजूद विवाद काफी देर तक चलता रहा।
फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच की बात कह रही है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और तहरीर के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।