हरदोई में पुलिस वाहन पर हंगामे का आरोप, नशे में धुत सिपाही का वीडियो वायरल, नाम गलत बताकर की बचने की कोशिश

हरदोई। शहर के घंटाघर रोड पर देर रात नशे में धुत एक पुलिसकर्मी द्वारा हंगामा करने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस वाहन से आए एक व्यक्ति पर प्राइवेट कार में टक्कर मारने और होटल संचालक से अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के घंटाघर रोड का है। स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात कोतवाली शहर से संबंधित एक पुलिस वाहन मौके पर पहुंचा, जिसके बाद वहां हंगामे जैसी स्थिति बन गई। आरोप है कि वाहन में मौजूद एक पुलिसकर्मी नशे की हालत में था और उसने एक निजी कार को टक्कर मार दी। इसके बाद वहां मौजूद एक नॉनवेज होटल के संचालक और कर्मचारियों से भी गाली-गलौज की गई।
घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने पूरा घटनाक्रम मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति पुलिसकर्मी से सवाल करते हुए नजर आता है और कहता है कि आप कार में टक्कर मारकर आए हो और हमारे कर्मचारियों को गाली दे रहे थे, हम रोक रहे थे लेकिन आप रुके नहीं। सुबह इंस्पेक्टर साहब को बताएंगे।
वीडियो में जब रिकॉर्डिंग करने वाला व्यक्ति पुलिसकर्मी से उसका नाम पूछता है तो वह खुद को "एस.के. तिवारी" बताता दिखाई देता है। हालांकि स्थानीय लोगों का दावा है कि संबंधित पुलिसकर्मी का नाम विनोद यादव है।
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले को लेकर पुलिस विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।