पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर सहयोगी पत्रकार संगठन ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

राजगढ़। नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत इकलेरा में तीन यूट्यूबरों के साथ कथित मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लेकर सहयोगी पत्रकार संगठन, जिला राजगढ़ (म.प्र.) द्वारा बुधवार को जिला मुख्यालय पर कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया।ज्ञापन में बताया गया कि दिनांक 23 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 2 बजे ग्राम इकलेरा में सरपंच श्रवण पाटीदार द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर बीच बाजार एवं अन्य स्थानों पर यूट्यूबरों के साथ मारपीट की गई तथा उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। वायरल वीडियो में सरपंच को कानून हाथ में लेते हुए यूट्यूबरों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए देखा जा रहा है। वहीं गांव के नवदुनिया प्रतिनिधि संजय सिंह के घर पर भी अज्ञात लोगों द्वारा घर में तोड़फोड़ किए जाने की घटना सामने आई है। इस को लेकर संजय सिंह द्वारा थाने में आवेदन दिया गया है।सहयोगी पत्रकार संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक धाराओं में प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही पत्रकारों को सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि भविष्य में कवरेज के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुरक्षा का सामना न करना पड़े।

संगठन ने यह भी मांग उठाई कि जिले में यदि कोई व्यक्ति पत्रकारिता की आड़ में ब्लैकमेलिंग या अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसकी भी जांच कर कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में कहा गया कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर इस प्रकार का हमला गंभीर विषय है और निष्पक्ष पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों में इस घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है।
पत्रकार संगठन ने जिला प्रशासन से अपेक्षा जताई है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कर न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।