मिट्टी धंसने से दो मजदूर दबे, पुलिस की तत्परता से एक की बची जान

सारंगपुर क्षेत्र के ग्राम निपानिया में प्रधानमंत्री रोजगार सड़क निर्माण योजना के अंतर्गत चल रहे नाली निर्माण कार्य के दौरान शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। निर्माण स्थल पर साइड की कच्ची दीवार की मिट्टी अचानक धंसने से दो मजदूर मिट्टी में दब गए। हादसे में संजू पिता देवीराम बंजारा और सानू पिता अमरसिंह बंजारा, दोनों निवासी ग्राम हरिपुर थाना नजीराबाद जिला भोपाल, मलबे में फंस गए।घटना की सूचना मिलते ही थाना लीमा चौहान पुलिस तत्काल पुलिस बल एवं दो जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। समय की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना विलंब राहत एवं बचाव कार्य करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को बाहर निकाला।रेस्क्यू के दौरान कार्य.प्र.आर. 226 अमितेंद्र रघुवंशी एवं कार्य.प्र.आर. 659 दिवाकर वर्मा ने मौके पर ही सानू पिता अमरसिंह बंजारा को सीपीआर देकर उसकी सांसें पुनः चालू कीं और उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।वहीं दूसरे मजदूर संजू पिता देवीराम बंजारा को मृत अवस्था में बाहर निकाला गया। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस की तत्परता, साहस और मानवीय संवेदनशीलता के चलते एक युवक की जान बचाई जा सकी।