हरदोई के नुमाइश मेले में 45 फीट ऊंचे रावण का दहन, उमड़ा जनसैलाब, आतिशबाजी और जयकारों के बीच परिसर उत्साह से गूंजा

हरदोई। जिले में होली से पूर्व आयोजित होने वाली ऐतिहासिक रामलीला के क्रम में बुधवार को 45 फीट ऊंचे प्रतीकात्मक रावण पुतले का दहन किया गया। नुमाइश मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। आतिशबाजी और जयकारों के बीच रावण दहन होते ही पूरा परिसर उत्साह से गूंज उठा।
हरदोई का नुमाइश मेला कौमी एकता और राष्ट्रीय सद्भाव के लिए भी जाना जाता है। मेले में हिंदू-मुस्लिम सहित सभी समुदायों के लोग बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत दंगल, कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन भी किया जाता है। सैकड़ों दुकानों से सजा यह मेला जनवरी के अंतिम सप्ताह में शुरू होकर होली तक चलता है।
इस ऐतिहासिक मेले की शुरुआत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं वरिष्ठ पत्रकार बाबू हरी बहादुर श्रीवास्तव ने आजादी से पूर्व की थी। परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष एवं आयोजक राम प्रकाश शुक्ला वर्षों से इसका संचालन कर रहे हैं।
रावण दहन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्रा ?मधुर? सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे। आयोजकों ने बताया कि मेले का समापन होली के अवसर पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया जाएगा।