हरदोई में पेपर देकर लौट रही छात्रा पर धारदार हथियार से हमला, आरोपी गिरफ्तार, तीन दिन पहले शिकायत के बाद भी नहीं की कार्रवाई, दो पुलिसकर्मी निलंबित

हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में इंटर की परीक्षा देकर घर लौट रही एक छात्रा पर मनचले युवक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार छात्रा ने तीन दिन पूर्व छेड़खानी की शिकायत लोनार कोतवाली में दी थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि पंकज पुत्र रामरूप निवासी असलापुर ने पीछे से बांके से वार किया। परिजनों का कहना है कि आरोपी युवती पर शादी का दबाव बना रहा था और मना करने पर उसने वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। छात्रा का आरोप है कि उसने पूर्व में पुलिस को कई बार फोन किया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। साथ ही पूर्व शिकायत के बावजूद प्रभावी कार्रवाई न करने पर उपनिरीक्षक रामबली (चौकी प्रभारी) सकरौली और हेड कांस्टेबल अजीत कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
एएसपी ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।