हरदोई में 'संवाद सेतु' का शुभारंभ, जनप्रतिनिधि-अधिकारी संवाद को मिलेगा नया मंच, फोन रिसीव न होने पर 10 मिनट में करना होगा कॉल बैक

हरदोई। स्वामी विवेकानन्द सभागार में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से ?संवाद सेतु? (जिला संपर्क एवं कमांड सेंटर) व्यवस्था का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुनय झा, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, जनप्रतिनिधि एवं पत्रकार उपस्थित रहे। मंत्री ने बताया कि यह पायलट प्रोजेक्ट पहले चरण में हरदोई, गाजियाबाद और कन्नौज में लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच त्वरित संवाद सुनिश्चित होगा।
जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत कमांड सेंटर सक्रिय रूप से कार्य करेगा। यदि किसी अधिकारी द्वारा जनप्रतिनिधि की कॉल 10 मिनट के भीतर रिसीव नहीं की जाती है तो अनिवार्य रूप से कॉल बैक करना होगा। यह व्यवस्था सरकारी कार्य दिवसों और कार्यालय समय में सीयूजी नंबर पर लागू रहेगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहन दिया जाएगा, जबकि लापरवाही पर कार्रवाई होगी।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर देवेश सिंह, जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि इस पहल से विकास कार्यों की गति और प्रशासनिक जवाबदेही में सुधार होगा।