शंकराचार्य के खिलाफ दर्ज मुकदमे के विरोध में हरदोई कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, कथित मुकदमे का जताया विरोध, नेता बोले- सरकार के इशारे पर की जा रही कार्रवाई

हरदोई। जिला कांग्रेस कमेटी हरदोई ने प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपकर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ दर्ज कथित मुकदमे का विरोध जताया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश सरकार के इशारे पर की गई है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
जिलाध्यक्ष विक्रम पाण्डे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन दिया। शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि सरकार संत समाज की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। संगठन प्रभारी राजेंद्र वर्मा ने भी कार्रवाई को अनुचित बताते हुए कहा कि इससे जनमानस में गलत संदेश जाता है।
कांग्रेस से जुड़े अधिवक्ता नेताओं डॉ. राजीव सिंह, भुट्टो मियां, एडवोकेट रामबहोरे, सोमा सैनी, अमलेंद्र त्रिपाठी, संजय वर्मा और अजीत विशाल नंदवंशी ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा गलत तरीके से मुकदमा दर्ज कराया गया है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।
कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में मांग की कि शंकराचार्य के खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लिया जाए और मामले की पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।
इस दौरान पूर्व प्रत्याशी सुनीता देवी, सुरेंद्र कुमार (बालामऊ), आफताब हैदर, अजीत सिंह चंदेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।