ब्लाइंड मर्डर का सनसनीखेज खुलासा, पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश,पति को मारकर नहर में फेंका

श्रीगंगानगर जिले के नई मंडी घड़साना थाना क्षेत्र में एक ब्लाइंड मर्डर केस का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। 16 जनवरी 2026 को चक 04 जेडब्ल्यूएम निवासी 35 वर्षीय भजनलाल के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था।

2 फरवरी 2026 को जोज थाना क्षेत्र की इंदिरा गांधी नहर में एक अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई। जांच और शिनाख्त के बाद शव की पहचान भजनलाल के रूप में हुई। मामला अपहरण और हत्या में दर्ज कर जांच तेज की गई।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृत्ताधिकारी के सुपरविजन में नई मंडी घड़साना थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर गहन पड़ताल की। जांच में जो सच्चाई सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी इन्द्रा देवी ने अपने प्रेमी प्रमुदयाल (31) के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। हत्या के बाद दोनों ने सबूत मिटाने के लिए शव को मोटरसाइकिल सहित रात के अंधेरे में चक 465 हेड के पास इंदिरा गांधी नहर में फेंक दिया, ताकि मामला दुर्घटना लगे।

पुलिस ने आरोपी प्रमुदयाल और इन्द्रा देवी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं एक विधि से संघर्षरत किशोर को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और मामले में अन्य कड़ियों की भी जांच की जा रही है।

इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस की तत्परता से ब्लाइंड मर्डर का पर्दाफाश हुआ और साजिश का अंत सलाखों के पीछे हुआ।