मत्स्य पालन ठेका विवाद में कांग्रेस नेता सुभाष पाल पर किराया न देने व धमकी देने का आरोप, कार्रवाई की मांग

मत्स्य पालन ठेका विवाद में कांग्रेस नेता सुभाष पाल पर किराया न देने व धमकी देने का आरोप, कार्रवाई की मांग

हरदोई

थाना टड़ियावां क्षेत्र से जुड़े मत्स्य पालन तालाब ठेका विवाद में आरोप और गंभीर होते जा रहे हैं। पीड़ित ने तालाब का तय किराया न देने और झूठे मुकदमों में फंसा देने का आरोप लगाया है। मामले में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनमें सुभाष पाल शामिल हैं, जो कांग्रेस के नेता हैं और पूर्व में बिलग्राम-मल्लावां विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रह चुके हैं।

पीड़ित के अनुसार, 12 मई 2025 को तालाब का मत्स्य पालन ठेका तय शर्तों पर दिया गया था, जिसमें वार्षिक किराया और बिजली-पानी के खर्च का भुगतान निर्धारित था। आरोप है कि तय समय पर तालाब का शेष किराया नहीं दिया गया। जब पीड़ित ने बकाया किराये की मांग की तो विपक्षियों द्वारा पहले समय बढ़ाने की बात कही गई और बाद में झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाने लगी।

पीड़ित का कहना है कि विपक्षी पक्ष राजनीतिक रूप से प्रभावशाली है, जिसके कारण वह खुलेआम धमकी दे रहे हैं। आरोप है कि लगातार दबाव और धमकी के चलते पीड़ित भय के माहौल में जीवन यापन कर रहा है।

पीड़ित द्वारा 11 दिसंबर 2025, 13 दिसंबर 2025 तथा 5 जनवरी 2026 को थाना और तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे पीड़ित में नाराजगी और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।

पीड़ित ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तालाब का बकाया किराया न देने और धमकी देने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर संबंधित लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाए तथा सख्त कानूनी कार्रवाई कर उसकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है और अब प्रशासन की भूमिका पर सबकी निगाहें टिकी हैं।