स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. जयदेव कपूर के नाम से जुड़े द्वार पर लगा विवादित साइन बोर्ड हटा, शरारती तत्वों पर कार्यवाही की माँग 

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. जयदेव कपूर के नाम से जुड़े द्वार पर लगा विवादित साइन बोर्ड हटा, शरारती तत्वों पर कार्यवाही की माँग�

रिपोर्ट - अजय अवस्थी

हरदोई�

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के नाम से जुड़े द्वार पर लगाए गए विवादित साइन बोर्ड को हटाए जाने के बाद हरदोई में मामला एक बार फिर चर्चा में है। इस घटना को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय जयदेव कपूर के परिवार और समर्थकों की बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है।

जनपद मुख्यालय के जिंदपीर चौराहे पर स्वर्गीय जयदेव कपूर के नाम से बने द्वार पर मदारी पासी चौक का साइन बोर्ड लगा दिया गया था। इसके साथ ही जिंदपीर चौराहे का नाम भी कथित तौर पर जबरन बदलकर मदारी पासी चौक कर दिया गया, जिसे लेकर स्वतंत्रता सेनानी के परिजनों और कई समाजसेवी संगठनों ने कड़ा विरोध जताया था।

परिजनों का कहना था कि एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के सम्मान से जुड़े स्थल पर बिना किसी वैधानिक प्रक्रिया के नाम परिवर्तन किया जाना न केवल अनुचित है, बल्कि इतिहास और सम्मान के साथ खिलवाड़ भी है। लगातार विरोध और आपत्ति के बाद आखिरकार मदारी पासी चौक के नाम का लगाया गया बैनर और साइन बोर्ड हटा दिया गया।

हालांकि मामला यहीं समाप्त नहीं हुआ है। अब भी यह सवाल बना हुआ है कि यह साइन बोर्ड किसके आदेश पर और किन लोगों द्वारा लगाया गया था। साइन बोर्ड पर भाजपा के सांसद, विधायकों के साथ नगर पालिका अध्यक्ष मधुर मिश्रा का छायाचित्र भी लगा होने की बात सामने आई है। आरोप लगाए जा रहे हैं कि यह साइन बोर्ड भाजपा नेताओं के निर्देश पर लगाया गया था।

मामले को लेकर इसे एक शरारती तत्व की साजिश बताया जा रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस प्रकरण में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा। स्थानीय लोगों और परिजनों की नजरें अब पुलिस और जिला प्रशासन पर टिकी हैं, जिनसे निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।