सर्द हुई रातें,दिन भी हुए ठंडे__ठिठुरा प्रहलाद नगरी

सर्द हुई रातें,दिन भी हुए ठंडे__ठिठुरा प्रहलाद नगरी

रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से कई डिग्री कम हुआ दर्ज,दिन में भी महसूस हो रही ठंड

हरदोई

.

जनपद में बीते कल रात्रि से रातें 'ठंडी गार' हो गई हैं।तन-बदन में 'झुरझुरी' सी दौड़ गई हैं।दांत तो अभी किटकिटाए नहीं हैं,लेकिन देह थरथर्रा गई है।

कारण भी साफ है,पहाड़ बर्फ से लदे-फटे हैं।बर्फबारी का दौर जोरों पर है। हवा का रुख भी उत्तर-पूर्वी बना हुआ है। ऐसे में सर्दी पूरे शबाब पर ही जमी है।धुंध,कोहरा,ओस की जुगलबंदी भगवान दिनकर के तेवर भी ठंडे करने को आमादा हो चले हैं। गुड़ की गजक की गरमाहट मुंह में घुलने लगी है और रजाई तो खास मेहमान का दर्जा पा ही गई है,शाल-दुशाले, टोपे-मौजे और मफलर भी इतराए फिरने लगे हैं।बदन पर दो-तीन कपड़ों की तह जमने लगी है। इस सबके बीच बस 'फैशन' ही सर्दी से लड़ता नजर आ रहा है।

अलसुबह छाया कोहरा,दिन नम

आज भोर भगवान रविराज शनिवार को चंदा जैसे नजर आए।आसमान में बादलों की हलकी परत व माहौल में घुली धुंध ने दिनकर के तेवर को ठीला कर दिया। रोज की तुलना में शनिवार की सुबह भगवान भुवन भास्कर के ताप में वो तपन नहीं थी,जो ठंड के दिनों में तन-बदन को भाती है। उलटे सूरज नील गगन में छाई धुंध में रह रहकर दुबक रहा । इससे ठंड के तेवर और ज्यादा महसूस हो रहे हैं।