चकिया: क्षेत्र के राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल की शानदार जीत, सनबीम स्कूल को 24 रनों से हराया चंदौली ओलंपिक गेम्स में टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप का रोमांचक मुकाबला

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चकिया।चंदौली ओलंपिक गेम्स के अंतर्गत गुरुवार को एंबीशन स्कूल, पड़ाव में टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप का एक बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया। यह मैच राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल और सनबीम स्कूल के बीच हुआ, जिसमें राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 8 ओवरों में 82 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।लक्ष्य का पीछा करते हुए सनबीम स्कूल की टीम 8 ओवर में केवल 58 रन ही बना सकी। इस तरह राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल ने यह मुकाबला 24 रनों से अपने नाम कर लिया।
इस शानदार जीत पर राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल की डायरेक्टर परवीन रुस्तम ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि हमारे छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया, यह जीत उनकी मेहनत और समर्पण का फल है। हमें अपनी टीम पर गर्व है।मैच में अंपायर की भूमिका सौरभ ने निभाई, जबकि मैच का संचालन शोजब हुसैन और हरिहर प्रसाद द्वारा किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉक्टर श्वेता पांडेय व विशिष्ट अतिथि डॉक्टर अंजू दुबे द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल की टीम का संचालन कोच शमशाद अहमद के मार्गदर्शन में किया गया। उनकी रणनीति और खिलाड़ियों के बेहतरीन तालमेल का असर मैदान पर साफ नजर आया।

इस जीत के साथ राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल ने चैंपियनशिप में अपनी मजबूत स्थिति का परिचय दिया। वहीं, सनबीम स्कूल के लिए यह मुकाबला सीख लेकर आगे और बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर बना।मैच दर्शकों के लिए भी बेहद रोमांचक और यादगार रहा।